Monday, August 5, 2013


नई दिल्ली। शनिवार (27 / 3 /13 )की देर शाम जिस वक्त दिल्ली बारिश की फुहारों में भीग रही थी, ठीक उसी वक्त पूर्वा सांस्कृतिक केन्द्र के सभागार में बैठे दर्शक नृत्य व गीत-संगीत की स्वर लहरियों पर मदहोश हुए जा रहे थे। सांस्कृतिक संस्था नृत्यांजलि द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘नृत्य रागा’ में नन्हे कलाकारों ने लोक नृत्य संगीत का ऐसा समां बांधा की सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का संचालन दो नन्हे कलाकारों अमृत कुमार व रिया श्रीवास्तव ने किया। सावन की सुहानी शाम की शुरुआत भरतनाट्यम से हुई। महक गोगिया, श्रेया अग्रवाल, ईशा, कृतिका, मानसी, सोनिया, चेष्ठा, अनन्या और आयुषी ने समूह नृत्य ˜मल्लार  पेश कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद गॉड जीसस को समर्पित तेलगु कीर्तन को बेहद ही खूबसूरती के साथ आकृति, रिया, मुस्कान व प्राची ने पेश किया। घंटे भर से ज्यादा समय तक चले संगीत के इस कार्यक्रम के दौरान अन्य कलाकारों ने कालबेलिया नृत्य, गरबा और भंगड़ा पेश किया। सबसे आखिर में बच्चों ने वेस्टर्न डांस पर दर्शकों को थिरकने के लिए मजबूर कर दिया। नृत्य संगीत के इस कार्यक्रम का संचालन दो नन्हे कलाकारों अमृत और रिया ने जिस तरह किया, उसे देखकर कोई भी सहज में यह विश्वास नहीं कर पा रहा था कि इतने छोटे बच्चे भी इस तरह कार्यक्रम का संचालन कर सकते हैं। उनका आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम के अंत में संस्था की निदेशिका विल्खा गोगिया ने सभी कलाकारों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। कलाकारों में अभिलाषा, तनिषा, आरती, श्रेया, ऋतिका, कशिश, नाव्या, देवांशी, सिया, छवि आदि शामिल रहीं।

No comments:

Post a Comment