Friday, January 29, 2016

एशिया का सबसे बड़ा नाटय़ महोत्सव भारंगम एक से

नई दिल्ली। एशिया का सबसे बड़े नाटय़ महोत्सवों में शामिल 18वां भारत रंग महोत्सव’ (भारंगम) का आयोजन एक फरवरी से 21 फरवरी के बीच किया जाएगा। 21 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देश-विदेश के 80 नाटकों का मंचन होगा, जिसमें 65 भारतीय और 15 विदेशी नाटक शामिल हैं। इस वर्ष पाकिस्तान से अभी तक एक नाटक के शामिल होने की संस्तुति प्राप्त हुई है। यह जानकारी बृहस्पतिवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के निदेशक वामन केंद्रे ने दी। महोत्सव का उद्घाटन केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री डा. महेश शर्मा करेंगे। इस मौके पर अभिनेता नाना पाटेकर मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। श्री केंद्रे ने कहा कि भारंगम एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा नाटय़ महोत्सव है। इस बार भारंगम का आयोजन एक से 21 फरवरी के बीच नई दिल्ली में, जबकि 3 से 14 फरवरी के बीच जम्मू, अहमदाबाद, भुवनेश्वर और तिरूवनंतपुरम में समानांतर महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इन चारों जगहों पर छह-छह नाटकों का मंचन किया जाएगा, जिनमें तीन भारतीय और तीन विदेशी नाटकों का मंचन शामिल हैं। इस साल 10 से ज्यादा देशों के नाट्य समूह भारंगम का हिस्सा होंगे, जिसमें अमेरिका, आस्ट्रेलिया, इटली, श्रीलंका, पोलैंड, बांग्लादेश, स्पेन, चीन, पाकिस्तान और आस्ट्रिया शामिल हैं। नाना पाटेकर, एमके रैना, पंकज कपूर, अनुपम खेर, परेश रावल, सौरभ शुक्ला, मोहन अगाशे, चंद्रशेखर कंबार, कन्हाई लाल और राम गोपाल बजाज भारंगम का हिस्सा बनेंगे।

No comments:

Post a Comment